हल्द्वानी ब्लॉक कार्यालय में CDO का औचक निरीक्षण, 12 कर्मचारी मिले अनुपस्थित; वेतन रोकने के निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

हल्द्वानी ब्लॉक कार्यालय में CDO का औचक निरीक्षण, 12 कर्मचारी मिले अनुपस्थित; वेतन रोकने के निर्देश

 

बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भीमताल के BDO से मांगा स्पष्टीकरण, तीन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की संस्तुति

 

हल्द्वानी। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने बुधवार को विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में 12 कार्मिक अनुपस्थित पाए गए। इस पर सीडीओ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी संबंधित कर्मचारियों का स्पष्टीकरण लेने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुपस्थिति अवधि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विकासखंड में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इसमें वीबी-जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), ग्रामोत्थान, विधायक निधि, सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण, समाज कल्याण एवं लघु सिंचाई विभाग से संबंधित कार्य शामिल रहे।

 

कार्यालय में निरीक्षण के दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जबकि सात कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए अवकाश पर पाए गए। इस पर सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी को संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जवाब संतोषजनक नहीं होने पर संबंधित तिथि का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।

 

धनराशि खर्च नहीं होने पर जताई नाराजगी

 

समीक्षा के दौरान विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त एवं पंद्रहवें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का पूर्ण उपयोग नहीं होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

 

भीमताल के BDO से भी मांगा स्पष्टीकरण

 

मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी भीमताल से दूरभाष पर वार्ता की। इस दौरान जानकारी मिली कि संबंधित अधिकारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए और पूर्व अनुमति लिए बिना मुख्यालय से बाहर गए हैं। इस पर सीडीओ ने उनके विरुद्ध स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

 

वहीं, विकासखंड कार्यालय भीमताल में तीन कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने के मामले में उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को संस्तुति भेजी जा रही है।

 

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए श्रीमती चंदा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई