जमरानी बांध प्रभावितों के पुनर्वास में देरी पर सांसद अजय भट्ट सख्त, कुमाऊं आयुक्त को लिखा पत्र
50 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण और 213 परिवारों के प्रभावित होने का मामला उठाया, पुनर्वास स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
नैनीताल। जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों के पुनर्वास और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में हो रही देरी को लेकर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कुमाऊं मंडल के आयुक्त को पत्र लिखकर प्रभावित गांवों और प्रस्तावित पुनर्वास स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराने के साथ ही लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
सांसद अजय भट्ट ने पत्र में उल्लेख किया है कि विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली है कि जमरानी बांध परियोजना से प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में पुनर्वास एवं विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। परियोजना के चलते प्रभावित परिवारों को विस्थापन के साथ कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पुनर्वास प्रक्रिया में देरी होने से ग्रामीणों के सामने भविष्य और आजीविका को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
50 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण, 213 परिवार प्रभावित
सांसद ने अपने पत्र में बताया कि जमरानी बांध परियोजना के अंतर्गत लगभग 50 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया है और करीब 213 परिवारों के मकान डूब क्षेत्र से प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, प्रस्तावित पुनर्वास स्थल पर सड़क, बिजली, सुरक्षा दीवार सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं हो पाया है।
उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि कई स्थानों पर सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त है। पुनर्वास संबंधी कार्यों में हो रही देरी के कारण प्रभावित परिवारों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं।
प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक पुनर्वास प्राथमिकता में हो
अजय भट्ट ने कहा कि जमरानी बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण और विकास के साथ-साथ प्रभावित परिवारों के हितों, उनकी सुरक्षा और सम्मानजनक पुनर्वास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। परियोजना के कारण किसी भी परिवार को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और सभी प्रभावित ग्रामीणों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सांसद ने कुमाऊं आयुक्त से पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित गांवों और पुनर्वास स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कराने, पुनर्वास कार्यों में हो रही देरी के कारणों की समीक्षा करने तथा लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
अब देखना होगा कि सांसद के पत्र के बाद प्रशासनिक स्तर पर इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई होती है और जमरानी बांध प्रभावित परिवारों को राहत कब तक मिल पाती है।





