मुखानी नाबालिग गैंगरेप मामले में पुलिस-प्रशासन का बड़ा एक्शन, अपराध में प्रयुक्त त्रिशूल होमस्टे सील
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, बिना आईडी सत्यापन के नाबालिग को उपलब्ध कराया गया था कमरा
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में सामने आए नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में नैनीताल पुलिस और जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस द्वारा चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शनिवार को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने अपराध में प्रयुक्त त्रिशूल होमस्टे को सील कर दिया।
जांच में सामने आया कि संबंधित होमस्टे में नाबालिग को बिना पहचान पत्र (आईडी) का सत्यापन किए कमरा उपलब्ध कराया गया था। आरोप है कि होमस्टे परिसर का इस्तेमाल पॉक्सो अधिनियम से संबंधित गंभीर अपराध को अंजाम देने के लिए किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संपूर्ण होमस्टे परिसर को सील करने की कार्रवाई की। इसके साथ ही होमस्टे के संचालन, आईडी सत्यापन में लापरवाही और अन्य अनियमितताओं को लेकर भी अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ठिकाने पर भी कार्रवाई
गौरतलब है कि शुक्रवार को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब अपराध में प्रयुक्त ठिकाने को सील किए जाने के बाद पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपराधियों के साथ लापरवाही बरतने वालों पर भी होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन और नैनीताल पुलिस ने महिला एवं बाल अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि अपराध में शामिल व्यक्तियों के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन कर उन्हें ठिकाना उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को मुखानी नाबालिग गैंगरेप प्रकरण में पुलिस-प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





