UOU के 11वें दीक्षांत समारोह में 14,857 शिक्षार्थियों को मिली उपाधि, राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने 36 मेधावियों को दिए स्वर्ण पदक

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

UOU के 11वें दीक्षांत समारोह में 14,857 शिक्षार्थियों को मिली उपाधि, राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने 36 मेधावियों को दिए स्वर्ण पदक

 

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वाँ दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में उत्तराखण्ड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियाँ प्रदान की गईं। वहीं आठ शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि तथा 36 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

 

समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि, जबकि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को उनके उल्लेखनीय प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय योगदान के लिए मानद उपाधि प्रदान की गई।

 

समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई।

 

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है और वर्तमान में आठ क्षेत्रीय केंद्रों एवं 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित कर रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है।

 

कुलपति ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों को पूरा करने वाले 14,857 विद्यार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियाँ प्रदान की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त 36 स्वर्ण पदकों में 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक और चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।

 

उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से इस वर्ष 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई और एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। विश्वविद्यालय द्वारा आठ गांवों को गोद लेकर ‘गांव गौरव’ एवं ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ एवं ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलें भी संचालित की जा रही हैं।

 

आठ शोधार्थियों को पीएच.डी., 36 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक

 

दीक्षांत समारोह में आठ शोधार्थियों किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की गई। वहीं विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया।

 

स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में शिवर्णा धौनी, मोहित गुनसोला, मोनिका खत्री, विनीता अग्रि, तनुजा चुफाल, संगीता लिम्बू, जितेन्द्र, सोनिया नेगी, वंदना ध्यानी, वंशिता अग्रवाल, सरिता पालनी, भूमिका मनराल, अंजू कपरी, हिमांशु उप्रेती, नीलम जोशी, प्रियंका शर्मा, ललित कांडपाल, पवन ममगाईं, प्रेरणा भट्ट, मिताली पांडेय, कुमारी आस्था, प्रदीप चन्द्र मिश्रा, ज्योत्सना जोशी, मोहन चन्द्र घिल्डियाल, अनुज भार्गव एवं पूजा भट्ट सहित अन्य मेधावी विद्यार्थी शामिल रहे।

 

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को दिलाया राष्ट्र सेवा का संकल्प

 

राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि अर्जित करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।

 

उन्होंने मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी लोगों, सैनिकों तथा शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल ने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने, नशे से दूर रहने और अपने ज्ञान एवं सामर्थ्य को समाज तथा राष्ट्र की सेवा में लगाने का आह्वान किया।

 

उच्च शिक्षा मंत्री ने रोजगार सृजन पर दिया जोर

 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के उद्देश्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

 

उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण एवं आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर शोध की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल नौकरी पाने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजन करने वाला बनने का आह्वान किया।

 

अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से सम्मानित किया

 

समारोह में भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि प्रदान की गई। वह भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

 

प्रो. नागेश्वर राव ने सराहे विश्वविद्यालय के प्रयास

 

NAAC की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालयों की मूल अवधारणा शिक्षा को सर्वसुलभ और लोकतांत्रिक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आजीवन सीखने और व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया।

 

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन भी किया गया। साथ ही शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया।

 

प्रायोजित स्वर्ण पदकों से भी मेधावियों का सम्मान

 

दीक्षांत समारोह में लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से तीन प्रायोजित स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इनमें लाला देवकीनंदन नंद किशोर एजेंसीज की ओर से स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा अपराजिता जोशी, स्वर्गीय शीला देवी की स्मृति में परास्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली प्रेरणा भट्ट तथा स्वर्गीय भगवती देवी की स्मृति में एम.कॉम. में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले पवन ममगाईं को सम्मानित किया गया।

 

समारोह में संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का संचालन कुलसचिव खेमराज भट्ट ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

 

विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह उच्च शिक्षा की सुलभता, शोध, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन रहा।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई