दीपक रावत की जनसुनवाई में बड़ी कार्रवाई: अवैध टुक-टुक बिक्री पर सख्ती, शहर के सभी करीब 4 हजार टुक-टुक के पंजीकरण की होगी जांच

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

दीपक रावत की जनसुनवाई में बड़ी कार्रवाई: अवैध टुक-टुक बिक्री पर सख्ती, शहर के सभी करीब 4 हजार टुक-टुक के पंजीकरण की होगी जांच

 

हल्द्वानी, 31 अक्टूबर 2026। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जनसुनवाई कर विभिन्न शिकायतों का निस्तारण किया। जनसुनवाई के दौरान अवैध वसूली, प्रधानमंत्री आवास योजना, भवन निर्माण, प्राधिकरण से नक्शा पास कराने में देरी, भूमि पर कब्जा और वाहन संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। अधिकांश मामलों में दोनों पक्षों की सहमति से समाधान कराया गया।

 

बिना पंजीकरण के टुक-टुक मिले तो होंगे सीज

 

शहर में अवैध रूप से टुक-टुक बेचे जाने की शिकायत पर आयुक्त दीपक रावत ने आरटीओ विभाग को हल्द्वानी में संचालित सभी टुक-टुक के पंजीकरण की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना पंजीकरण के वाहन पाए जाने पर उन्हें सीज करने के साथ संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

एआरटीओ एस.के. सिंह ने बताया कि शहर में करीब 4 हजार टुक-टुक संचालित हो रहे हैं। इस पर आयुक्त ने शहर में उन स्थानों और दुकानों की भी जांच करने के निर्देश दिए, जहां अवैध रूप से वाहनों की बिक्री की जा रही है।

 

लाइसेंस न होने से नहीं हुआ टुक-टुक का पंजीकरण

 

जनसुनवाई में शिकायतकर्ता सुरेश मौर्य ने बताया कि उन्होंने जमीर अहमद से टुक-टुक खरीदा था, लेकिन संबंधित फर्म का व्यावसायिक लाइसेंस न होने अथवा उसका नवीनीकरण न होने के कारण वाहन का पंजीकरण नहीं हो पाया।

 

पूछताछ में सामने आया कि कई लोगों को इसी प्रकार टुक-टुक बेचे गए थे, जिनका पंजीकरण नहीं हो सका। आयुक्त ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित लोगों की धनराशि वापस करने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसा न करने पर कार्रवाई की जाएगी।

 

आयुक्त ने कहा कि बिना वैध बिक्री लाइसेंस के व्यावसायिक रूप से वाहन बेचना और बिना पंजीकरण के उन्हें सड़क पर चलाना कानूनन गंभीर मामला है।

 

मौके पर वापस कराए 25 हजार रुपये

 

वाहन पंजीकरण न कराने की शिकायत पर आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद शिकायतकर्ता सुरेश मौर्य, निवासी नई बस्ती जीतपुर नेगी, हल्द्वानी को मौके पर ही 25 हजार रुपये की धनराशि वापस दिलाई गई। साथ ही संबंधित व्यक्ति को शेष राशि भी वापस करने के निर्देश दिए गए।

 

वहीं विठौरिया निवासी रोहित कुमार की टुक-टुक खरीद में धोखाधड़ी संबंधी शिकायत पर संबंधित पक्ष को एक सप्ताह के भीतर वाहन का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

बिना ट्रांसफर किए वाहन बेचने पर होगी जिम्मेदारी

 

जनसुनवाई में वाहन स्वामित्व हस्तांतरण से जुड़े मामलों पर भी आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि वाहन बेचने से पहले आरटीओ कार्यालय में नियमानुसार वाहन का स्वामित्व हस्तांतरण कराना आवश्यक है।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे वाहन से कोई दुर्घटना होती है तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।

 

ईसाई लामाचौड़ निवासी मनवीर सिंह के मामले में जांच के दौरान बिना स्वामित्व हस्तांतरण के वाहन बेचने की बात सामने आई। इस पर आयुक्त ने एआरटीओ हल्द्वानी को नियमानुसार 18 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

 

रामड़ी आनसिंह की बंद घराट का होगा पुनरुद्धार

 

ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने रामड़ी आनसिंह क्षेत्र में वर्षों से बंद पड़ी पारंपरिक घराट (पनचक्की) के पुनरुद्धार की मांग रखी।

 

आयुक्त दीपक रावत ने इसे उत्तराखंड की अमूल्य, पर्यावरण-अनुकूल और ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए कहा कि इसका पुनरुद्धार न केवल स्थानीय संस्कृति के संरक्षण में सहायक होगा, बल्कि स्थानीय आजीविका और शुद्ध खानपान को भी बढ़ावा देगा।

 

उन्होंने मुख्य अभियंता सिंचाई एस.के. शुक्ला को घराट को दोबारा चालू करने के लिए शीघ्र स्टीमेट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि इसके संचालन की जिम्मेदारी महिला सहायता समूह को दी जा सकती है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और पनचक्की का पौष्टिक आटा उपलब्ध हो सकेगा।

 

घोड़े की मौत के बाद बीमा राशि न मिलने पर जांच के निर्देश

 

ओखलकांडा के ग्राम बड़ौन निवासी गणेश सिंह ने घोड़े की मृत्यु के बाद बीमा कंपनी से बीमा राशि नहीं मिलने की शिकायत आयुक्त के समक्ष रखी।

 

आयुक्त ने मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि घोड़े का बीमा नहीं हुआ था तो इसकी जानकारी पशुपालक को समय रहते क्यों नहीं दी गई।

 

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मामले में विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अपर निदेशक, पशुपालन विभाग, कुमाऊं मंडल को भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

जमीन का अंश न बताने पर लेखपाल को फटकार

 

माला फतेहपुर निवासी गरिमा रावत ने शिकायत की कि कई बार पूछने के बावजूद उन्हें अपनी भूमि का अंश और विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया।

 

आयुक्त ने संबंधित लेखपाल को फटकार लगाते हुए कहा कि आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने लेखपाल को तीन दिन तक अवकाश न लेने और इस अवधि में भूमि का अंश निकालकर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

 

अन्य शिकायतों का भी किया निस्तारण

 

जनसुनवाई के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने, घोड़े की मृत्यु के बाद बीमा राशि, प्राधिकरण द्वारा नक्शा पास करने में देरी, लाखों रुपये देने के बावजूद प्लॉट न मिलने, भूमि पर जबरन कब्जा करने और विद्युत पोल हटाने सहित अन्य मामलों की भी सुनवाई की गई।

 

आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

भास्कर न्यूज24

कुमाऊं से उत्तर प्रदेश तक खबरों की नई पहचान

 

#Haldwani #DeepakRawat #JanSunwai #TukTuk #RTO #Uttarakhand #BhaskarNews24

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई