नन्हे-मुन्ने सितारों ने बिखेरा हुनर, पर्वत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव बना यादगार
सांसद अजय भट्ट और पूर्व विधायक नवीनचंद्र दुमका ने किया शुभारंभ, पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र सरकार भगत सिंह कोश्यारी ने बच्चों को दी शुभकामनाएं
हल्द्वानी/गौलापार। रंगारंग प्रस्तुतियों, तालियों की गड़गड़ाहट और नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के शानदार हुनर के बीच पर्वत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गौलापार का वार्षिकोत्सव बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। बच्चों की एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों, अभिभावकों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अजय भट्ट और पूर्व विधायक नवीनचंद्र दुमका ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
वार्षिकोत्सव में भगत सिंह कोश्यारी भी पहुंचे और बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उनके आगमन से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।
विद्यालय के प्रबंधक पानसिंह ऐरी ने कहा कि वार्षिकोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाल कलाकारों से लेकर नवोदित प्रतिभाओं तक, हर विद्यार्थी को अपनी कला, हुनर और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों के पीछे विद्यालय के गुरुजनों का समर्पण, त्याग और कड़ी मेहनत होती है। यही सामूहिक प्रयास हर वर्ष वार्षिकोत्सव को विशेष और यादगार बनाता है।
इस अवसर पर सीआरपीएफ के डीआईजी और कमांडेंट ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर वार्षिकोत्सव की शोभा बढ़ाई। स्कूल प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का गुलदस्ते भेंट कर स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।
वार्षिकोत्सव के दौरान पूरे वर्ष विद्यालय में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम भी घोषित किए गए। इस वर्ष की प्रतिष्ठित चैंपियन ट्रॉफी टैगोर हाउस ने अपने नाम की, जबकि शिवाजी हाउस द्वितीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने जहां दर्शकों का दिल जीत लिया, वहीं अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की जमकर सराहना की।
अंत में विद्यालय प्रबंधन, प्रबंधक पानसिंह ऐरी एवं पर्वत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिवार ने सभी आगंतुकों, अभिभावकों, विशिष्ट अतिथियों और कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
नन्हे-मुन्ने कलाकारों की चमक, गुरुजनों की मेहनत और अभिभावकों की तालियों के बीच पर्वत पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का यह वार्षिकोत्सव यादगार बन गया।
भास्कर न्यूज24
कुमाऊं से उत्तर प्रदेश तक खबरों की नई पहचान





