विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा नैनीताल जिला प्रशासन, डीएम ललित मोहन रयाल ने नियुक्त किए 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा नैनीताल जिला प्रशासन, डीएम ललित मोहन रयाल ने नियुक्त किए 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी

38 निर्वाचन कार्यों की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी, मतदान से लेकर ईवीएम, सुरक्षा और मतदाता जागरूकता तक व्यवस्थाओं की होगी निगरानी

नैनीताल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए 56 नोडल अधिकारी एवं 108 सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। इन अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़े 38 अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत मतदान कार्मिकों की तैनाती, प्रशिक्षण, ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा, मतदाता जागरूकता, निर्वाचन व्यय निगरानी और मीडिया प्रबंधन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।

इन प्रमुख व्यवस्थाओं के लिए नामित किए गए अधिकारी

मतदान कार्मिक प्रबंधन: मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। निदेशक उच्च शिक्षा हल्द्वानी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रशिक्षण प्रबंधन: परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास को नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक एवं प्रधानाचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान भीमताल को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

आदर्श आचार संहिता: अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगर आयुक्त हल्द्वानी, सभी रिटर्निंग अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं विभागाध्यक्षों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परिवहन प्रबंधन: संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन एवं जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

ईवीएम प्रबंधन एवं प्रशिक्षण: अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई भीमताल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सेवायोजन निदेशालय, आईटीआई, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग एवं सभी रिटर्निंग अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

निर्वाचन व्यय निगरानी: मुख्य कोषाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी रिटर्निंग अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, आयकर अधिकारी, कोषाधिकारी एवं उपकोषाधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

मतपत्र एवं डाक मतपत्र: नगर आयुक्त नगर निगम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

ईटीपीबीएस प्रबंधन: इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम (ईटीपीबीएस) की प्राप्ति, वितरण एवं प्रेषण के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं एई सिंचाई रामनगर को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

लेखन सामग्री एवं प्रपत्र छपाई: वरिष्ठ कीट एवं मौनपालन केंद्र ज्योलीकोट को नोडल अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी हल्द्वानी सहित संबंधित अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

मीडिया सेल एवं पेड न्यूज: मीडिया सेल, एमसीएमसी एवं पेड न्यूज की निगरानी के लिए अधीक्षण अभियंता पेयजल निगम एवं सहायक परियोजना अधिकारी ग्राम्य विकास को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

कंप्यूटरीकरण एवं आईटी प्रबंधन: कंप्यूटरीकरण, मोबाइल एप एवं आईटी एप्लीकेशन से संबंधित कार्यों के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

स्वीप कार्यक्रम: मतदाता जागरूकता एवं सहभागिता बढ़ाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी और निदेशक उच्च शिक्षा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक, उप शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई, अधिकारियों को डीएम के सख्त निर्देश

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करें। साथ ही कार्यों की प्रगति से जिला निर्वाचन अधिकारी को नियमित रूप से अवगत कराते रहें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।

भास्कर न्यूज24 | नैनीताल

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई