SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने किया लालकुआं नकबजनी का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार; 2.69 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद
50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई, चोरी की वारदात के 19 दिन बाद मिली सफलता
लालकुआं। जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नैनीताल पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर लालकुआं पुलिस ने घर में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 69 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज अहम साबित हुई।
घर का ताला तोड़कर चोरी किए थे सोने-चांदी के जेवरात
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने आजाद नगर वार्ड नंबर-04, लालकुआं निवासी मोहनी देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश के घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। घटना के संबंध में पीड़िता ने 23 अक्टूबर को कोतवाली लालकुआं में तहरीर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 167/26, धारा 305(A) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंश सिंह के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास, संभावित स्थानों और सीमावर्ती जनपदों में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज का गहन अवलोकन किया। इसके साथ ही सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों की तलाश की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली। 5 नवंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर डर्बी जंगल, लालकुआं से चोरी की घटना में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल मंडल उर्फ चीमा (32 वर्ष) और विकास मंडल (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर-04, लालकुआं, जनपद नैनीताल के रहने वाले हैं। दोनों आपस में सगे भाई हैं।
2.69 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए हैं। बरामदगी में शामिल हैं:
– दो पीली धातु के मंगलसूत्र।
– दो पीली धातु के कान के कुंडल।
– पांच चांदी के सिक्के।
बरामद जेवरात की कुल अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 69 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल मंडल उर्फ चीमा के विरुद्ध जनपद नैनीताल के अलावा राज्य के अन्य जनपदों में आबकारी अधिनियम, बीएनएस और गुंडा एक्ट के तहत कुल सात मुकदमे पूर्व में दर्ज हैं।
वहीं, दूसरे आरोपी विकास मंडल के विरुद्ध जुआ और आबकारी अधिनियम के तहत कुल तीन मुकदमे पहले से पंजीकृत हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
न्यायालय में पेश किए जा रहे आरोपी
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से जेवरात की बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
यह रही पुलिस टीम
इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट, उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, हेड कांस्टेबल पूरन सिंह रायपा, कांस्टेबल उमेश गिरी और कांस्टेबल संजय कुमार शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस की इस कार्रवाई से लालकुआं में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा हुआ है। SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
भास्कर न्यूज24 | संपादक हरीश भाकुनी





