उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को नमन, राज्य आंदोलनकारियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आंदोलनकारियों को वितरित किए गए डिजिटल आईडी कार्ड, एमबीपीजी कॉलेज सभागार में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
हल्द्वानी, 09 नवंबर 2026।
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज सभागार में राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक योगदान और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने राज्य निर्माण आंदोलन के संघर्षपूर्ण इतिहास का स्मरण करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और शहादत का परिणाम है।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने उत्तराखंड राज्य के 26 वर्षों के विकास सफर, विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों और सरकार की नीतियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। साथ ही राज्य आंदोलनकारियों से प्रदेश के विकास में निरंतर सहयोग देने की अपील की गई।
आंदोलनकारियों को मिले डिजिटल आईडी कार्ड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हल्द्वानी सहित जनपद की विभिन्न तहसीलों में राज्य आंदोलनकारियों को डिजिटल आईडी कार्ड भी वितरित किए गए। इस पहल को राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और उनकी पहचान को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री हुकम सिंह कुंवर, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, शंकर कोरंगा एवं केदार पलड़िया ने अपने विचार रखे और राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी जगमोहन चिलवाल, लक्ष्मी डंगवाल, अवतार सिंह, तरुण पंत, कैलाश साह, पंकज सुयाल, केशव दत्त, रीता फर्त्याल, भास्कर बृजवासी, धर्मानंद पलड़िया और हेमंत बगड़वाल सहित अन्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, उपजिलाधिकारी मोनिका सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भास्कर न्यूज24 | हल्द्वानी





