सांसद अजय भट्ट ने पूर्व विधायक नारायण सिंह जनतवाल को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताया शोक
नैनीताल। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं भारत सरकार के पूर्व रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने नैनीताल जिले के जनतवाल ग्राम पहुंचकर उत्तराखंड के वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जनतवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने दिवंगत नारायण सिंह जनतवाल के आवास पर पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय नारायण सिंह जनतवाल का उत्तराखंड राज्य आंदोलन और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके संघर्ष, समर्पण और जनहित में किए गए कार्यों को सदैव याद किया जाएगा। उनका निधन समाज और प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
भास्कर न्यूज24 | हल्द्वानी





