केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का बड़ा निर्देश, उत्तराखंड के शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में किया जाए विकसित
हल्द्वानी। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने उत्तराखंड के शहरों को ‘हिल एंड हिमालयन सिटी’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए शहरों का सुनियोजित विकास किया जाना चाहिए। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में केंद्रीय मंत्री ने शहरी विकास, स्वच्छता और लंबित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसी भी स्थिति में नदियों में गंदा पानी न जाने दिया जाए।
मंत्री ने नगर निकायों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना सभी नगर निकायों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के अधिकांश शहर पर्वतीय एवं हिमालयी विशेषताओं से जुड़े हैं। ऐसे में विकास योजनाएं भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप तैयार की जानी चाहिए।
आचार संहिता से पहले पूरे हों सभी लंबित विकास कार्य
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आचार संहिता लागू होने से पहले नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में चल रहे सभी लंबित विकास कार्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं। साथ ही प्रस्तावित विकास कार्यों को भी आचार संहिता लागू होने से पहले शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि विकास योजनाओं की गति प्रभावित न हो।
उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों के बाजारों में मूलभूत सुविधाएं, यातायात व्यवस्था और जनसुविधाएं बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया। कहा कि स्थानीय बाजारों में सुविधाओं का विस्तार होने से आम जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी राहत मिलेगी।
कैंची धाम और नैनीताल में पर्यटकों की आवाजाही पर चर्चा
बैठक के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश सिंह ने बताया कि कैंची धाम आने वाले श्रद्धालु बाबा के दर्शन के बाद नैनीताल भी पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में तीन पार्किंग संचालित हैं, जबकि कूड़ा निस्तारण अभी भी एक प्रमुख चुनौती बना हुआ है। नगर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था लागू की गई है।
वहीं, बैठक में बताया गया कि लालकुआं को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था के क्षेत्र में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
बैठक में मेयर नगर निगम हल्द्वानी गजराज बिष्ट, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित नगर पंचायत लालकुआं, भीमताल, भवाली, कालाढूंगी और रामनगर के अधिकारी मौजूद रहे।





