“हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के स्वयं सहायता समूहों की झलक” 

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

हल्द्वानी में 24 नवंबर से सजेगा राष्ट्रीय सरस मेला, 250 स्टॉलों पर दिखेगी देशभर के स्वयं सहायता समूहों की झलक 

24 नवंबर से 3 दिसंबर तक एमबी इंटर कॉलेज मैदान में सजेगा सरस मेला, 250 स्टॉलों के साथ विभागीय प्रदर्शनियां भी होंगी आकर्षण का केंद्र

हल्द्वानी। हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 24 नवंबर से 3 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को विकास खंड कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सरस मेले में देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। मेले में लगभग 250 स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की ओर से भी स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जहां विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन को दी जाएगी।

18 नवंबर तक पूरी करें स्टॉल बुकिंग

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 18 नवंबर तक सरस मेले की सभी प्रकार की बुकिंग प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाए। उन्होंने मेले में आने वाले अतिथियों, सांसदों और विधायकों को समय से आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड भेजने के निर्देश भी दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल का विस्तृत मैप तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा।

कंट्रोल रूम में तैनात रहेंगे संबंधित विभागों के अधिकारी

सीडीओ ने मेले के दौरान विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों की तैनाती के साथ कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की कार्ययोजना तैयार करने, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर एवं एंबुलेंस की व्यवस्था करने तथा जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जिला सूचना अधिकारी को मेले के व्यापक प्रचार-प्रसार और मीडिया सेल की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

नियमित होगी तैयारियों की समीक्षा

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला जनपद का प्रतिष्ठित आयोजन है। इसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन पहुंचेंगे। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें। मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फर्त्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रविशंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई