खड़गे की रैली से पहले कांग्रेस पर BJP का हल्लाबोल, अभद्र व्यवहार के विरोध में फूंका पुतला
हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली से पहले एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं के कथित अभद्र व्यवहार को लेकर भाजपा ने विरोध प्रदर्शन किया। शनिवार देर शाम तिकोनिया स्थित बुद्ध पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और उत्तराखंड मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने किया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता सत्ता से बाहर होने के बावजूद अभद्र भाषा और आक्रामक रवैया अपना रहे हैं, जिससे शहर का माहौल खराब हो रहा है।
भाजपा नेताओं ने एसएसपी कार्यालय में हुए कथित व्यवहार को निंदनीय बताते हुए कहा कि जब कांग्रेस सत्ता से बाहर रहकर इस तरह का रवैया अपना रही है, तो सत्ता में आने के बाद उसका व्यवहार कैसा होगा, यह चिंता का विषय है।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।





