दीपावली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, बैंक और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिए सख्त निर्देश

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

दीपावली पर नैनीताल पुलिस अलर्ट, बैंक और सर्राफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिए सख्त निर्देश

 

हल्द्वानी। दीपावली पर्व के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए नैनीताल पुलिस अलर्ट मोड पर है। बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।

 

एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में त्योहारी सीजन के दौरान आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध लेन-देन और वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका को देखते हुए सतर्कता बरतने पर विशेष जोर दिया गया।

 

म्यूल बैंक खातों और संदिग्ध लेन-देन पर रहेगी नजर

 

पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों को संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। नए खाते खोलते समय खाताधारकों के पते और दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने के साथ ही संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए अलर्ट सिस्टम विकसित करने को कहा गया। संदिग्ध धनराशि के हस्तांतरण को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

 

बड़ी रकम निकालने वाले ग्राहकों को करें जागरूक

 

बैंकों से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने और किसी के बहकावे में न आने के प्रति जागरूक करने को कहा गया। यदि किसी ग्राहक को पीछा किए जाने या संदिग्ध गतिविधि का आभास हो तो तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस को सूचना देने की सलाह देने के निर्देश दिए गए।

 

CCTV और सुरक्षा गार्डों की तैनाती अनिवार्य

 

बैठक में सभी बैंक प्रबंधकों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने और बैंक के बाहरी परिसर में भी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। बैंकों में तैनात सभी सुरक्षा गार्डों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने तथा एटीएम के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाकर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

इसके अलावा बैंक में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों को लेन-देन के दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियों की जानकारी देने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और बैंक परिसरों में अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने देने के निर्देश भी दिए गए।

 

सर्राफा बाजारों और प्रमुख स्थानों पर बढ़ेगी पुलिस गश्त

 

एसपी हल्द्वानी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बैंकों और सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस गश्त करने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी को पटेल चौक, सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और फड़-ठेली संचालकों का समय-समय पर सत्यापन कराने को कहा गया।

 

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद के सभी संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक प्रबंधकों एवं सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

बैठक में ये अधिकारी और कारोबारी रहे मौजूद

 

गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मुखानी सुशील जोशी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक एवं सर्राफा व्यवसायी मौजूद रहे।

 

नैनीताल पुलिस की अपील: पुलिस ने आमजन से दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है। बैंक या एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर दें।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई