पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का निधन उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति: भावना मेहरा
हल्द्वानी/भीमताल। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल के निधन पर आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) भावना मेहरा ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
सोमवार को राज्यमंत्री भावना मेहरा ने सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट के साथ जंतवाल गांव पहुंचकर स्वर्गीय डॉ. नारायण सिंह जंतवाल के आवास पर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने उनकी पत्नी श्रीमती सावित्री जंतवाल, पुत्रियों उत्तरा एवं उर्वशी सहित अन्य परिजनों को ढांढस बंधाया।
भावना मेहरा ने स्वर्गीय डॉ. जंतवाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि डॉ. नारायण सिंह जंतवाल का निधन उत्तराखंड की राजनीति और सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। उत्तराखंड के प्रति उनका योगदान और उनकी सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, शक्ति और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।





