नैनीताल में दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में सादगी से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस, सांसद अजय भट्ट ने दी श्रद्धांजलि
नारायण सिंह जंतवाल और लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ के निधन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता निरस्त, आंदोलनकारियों को बताया राज्य का आदर्श
नैनीताल, 09 नवंबर 2026। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल के डीएसए मैदान में आयोजित कार्यक्रम इस बार दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में सादगी के साथ मनाया गया। पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल तथा स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ के निधन पर कार्यक्रम में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक संघर्ष, बलिदान और योगदान को भी याद किया गया।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि दोनों दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में स्थापना दिवस समारोह को सादगीपूर्ण रखने का निर्णय लिया गया। इसी के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता निरस्त कर दी गईं।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में प्रदेश के विकास में योगदान दिया है। वर्तमान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों और महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की जानकारी लेते हुए उनकी गुणवत्ता और विविधता की सराहना की।
‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को धरातल पर उतारने और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वयं भी स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की और महिला स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन
मुख्य कार्यक्रम से पूर्व सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित राज्य आंदोलनकारियों ने जू रोड स्थित राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान सांसद अजय भट्ट एवं दिनेश आर्य ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण में राज्य आंदोलनकारियों का योगदान अतुलनीय है। आंदोलनकारियों के सम्मान, कल्याण और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उनकी मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारी हमारे भाई और हमारे आदर्श हैं। उनके सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य और नितिन कार्की समेत अनेक लोग मौजूद रहे।





