राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में संगोष्ठी, जिम्मेदार पत्रकारिता और मीडिया की जवाबदेही पर मंथन

Picture of Bhaskar News 24

Bhaskar News 24

राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर हल्द्वानी मीडिया सेंटर में संगोष्ठी, जिम्मेदार पत्रकारिता और मीडिया की जवाबदेही पर मंथन

हल्द्वानी। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर को मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘Populist or Responsible’ (लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता) विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक भूमिका और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा हुई।

 

संगोष्ठी में मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने कहा कि सूचना एवं संचार के तेजी से विस्तार के साथ मीडिया की जनता को प्रभावित करने की क्षमता भी बढ़ी है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि किसी विषय को केवल लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया जा रहा है या व्यापक जनहित और सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखकर उस पर विमर्श किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना या लोकप्रियता हासिल करना नहीं होना चाहिए, बल्कि तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनसरोकारों को प्राथमिकता देना भी इसकी मूल जिम्मेदारी है। समाचार प्रस्तुत करते समय उसकी सत्यता, प्रभाव और सामाजिक परिणामों का ध्यान रखना आवश्यक है।

 

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता कभी समाप्त नहीं होगी, बल्कि समय के साथ उसका स्वरूप बदलता और विकसित होता रहेगा। डिजिटल एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से समाचारों का प्रसार तेज हुआ है, लेकिन इसके साथ भ्रामक सूचनाओं, अपुष्ट खबरों और सनसनीखेज प्रस्तुति की चुनौतियां भी बढ़ी हैं।

 

उन्होंने पत्रकारों से तथ्यों की पुष्टि, संतुलित दृष्टिकोण और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “व्यूज जरूरी हैं, लेकिन व्यूज के साथ वैल्यूज भी बहुत जरूरी हैं।”

 

पत्रकार शैलेन्द्र नेगी ने कहा कि देश की आजादी की अलख जगाने और स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता तात्कालिक लोकप्रियता तो हासिल कर सकती है, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज में विश्वसनीयता कायम करती है।

 

संगोष्ठी में वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता के साथ उसकी जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका केवल सूचनाएं पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि जनहित के मुद्दों को सामने लाना और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है।

 

इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पत्रकार विनोद कांडपाल, दिनेश पांडेय, गीतेश त्रिपाठी, धर्मानंद खोलिया सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

Bhaskar News 24
Author: Bhaskar News 24

Share करें

✓ Link copy हो गया!
सबसे ज्यादा पड़ गई